भारतीय किसान यूनियन के जल सत्याग्रह आंदोलन की बड़ी सफलता प्रशासन से सभी 20 मांगों पर बनी सहमति आन्दोलन स्थगित

प्रयागराज के संगम क्षेत्र में भारतीय किसान यूनियन (युवा) के नेतृत्व में विभिन्न किसान एवं जनसमस्याओं को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन जल सत्याग्रह आंदोलन आज सकारात्मक परिणाम के साथ आगे बढ़ा। आंदोलन के दूसरे दिन प्रशासन की ओर से एडीएम सिटी विनय सिंह, एसीपी कुंजलता, बिजली विभाग सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी आंदोलन स्थल पर पहुंचे और भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधिमंडल के साथ विस्तृत वार्ता की।

वार्ता के दौरान संगठन द्वारा प्रस्तुत 20 सूत्रीय मांगपत्र के प्रत्येक बिंदु पर विस्तार से चर्चा की गई। भूमि अधिग्रहण में किसानों को न्यायपूर्ण मुआवजा, ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त बिजली आपूर्ति, उर्वरकों की उपलब्धता, स्मार्ट मीटर संबंधी समस्याएं, आवारा पशुओं से किसानों की सुरक्षा, गौशालाओं का निर्माण, पशु चिकित्सकों की नियुक्ति, भूमाफियाओं पर कार्रवाई, फर्जी मुकदमों की जांच, नगर निगम क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए बिना लगाए गए करों सहित सभी जनहित एवं किसान हित से जुड़े मुद्दों पर प्रशासन द्वारा गंभीरता दिखाई गई

बैठक में प्रशासन की ओर से सभी 20 मांगों पर सहमति व्यक्त की गई तथा संबंधित विभागों द्वारा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई एवं समाधान की प्रक्रिया प्रारंभ करने का आश्वासन दिया गया।

भारतीय किसान यूनियन (युवा) के प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह ने कहा कि यह जीत किसी एक संगठन की नहीं बल्कि किसानों, मजदूरों और आम जनता के संघर्ष की जीत है। उन्होंने कहा कि संगठन का आंदोलन हमेशा शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और जनहित के मुद्दों पर आधारित रहा है तथा आगे भी किसानों और आमजन के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

संगठन ने प्रशासन द्वारा सकारात्मक पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अब सभी सहमत बिंदुओं पर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए। भारतीय किसान यूनियन प्रशासन द्वारा किए गए आश्वासनों और निर्णयों के क्रियान्वयन की लगातार निगरानी करेगा। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या वादाखिलाफी होती है तो संगठन पुनः लोकतांत्रिक तरीके से जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

जारीकर्ता:
अनुज सिंह
युवा प्रदेश अध्यक्ष
भारतीय किसान यूनियन, उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!