करंट बने मौत का जाल स्ट्रीट लाइट पोल से चिपककर गाय की मौत बड़ा हादसा टला

जानकीपुरम विस्तार के केंद्रीय विहार सेक्टर-6 की घटना, खुले बिजली के तारों ने खोली सुरक्षा व्यवस्था की पोल लखनऊ राजधानी में बरसात के दौरान बिजली से जुड़े खतरों को लेकर एक बार फिर गंभीर लापरवाही सामने आई है। जानकीपुरम विस्तार स्थित केंद्रीय विहार सेक्टर-6 के मुख्य द्वार के पास नगर निगम द्वारा संचालित स्ट्रीट लाइट के पोल में खुले विद्युत तारों के कारण करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई। गनीमत रही कि घटना के समय कोई राहगीर, बच्चा या दोपहिया सवार पोल के संपर्क में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था

स्थानीय लोगों के अनुसार स्ट्रीट लाइट पोल के पास काफी समय से खुले तार पड़े थे, लेकिन संबंधित विभागों ने उन्हें सुरक्षित करने की कोई कार्रवाई नहीं की। बरसात के कारण पोल में करंट उतर आया और वहां से गुजर रही गाय उसकी चपेट में आ गई।

सूचना मिलने के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भीड़ जमा हो गई। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते खुले तारों को ठीक कराया गया होता तो एक बेजुबान पशु की जान नहीं जाती।

लोगों का यह भी कहना है कि गाय की मौत ने एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया और प्रशासन को चेतावनी दे दी है कि ऐसी लापरवाही किसी भी दिन किसी इंसान की जान भी ले सकती है।

घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से मामले का संज्ञान लेकर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा पूरे शहर में स्ट्रीट लाइट पोलों की सुरक्षा जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बरसात के मौसम में खुले विद्युत तार और करंट प्रवाहित पोल नागरिकों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं।

स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम, विद्युत विभाग और संबंधित एजेंसियों से संयुक्त अभियान चलाकर सभी स्ट्रीट लाइट पोलों का सुरक्षा ऑडिट कराने, खुले केबल और तारों को तत्काल सुरक्षित करने तथा नियमित निरीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!