खाद, बिजली स्मार्ट मीटर भूमि अधिग्रहण और युवाओं के मुद्दों पर होगी किसान सम्मान महापंचायत प्रयागराज भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के आह्वान पर 21 जुलाई को सिविल लाइंस स्थित पत्थर गिरजाघर में आयोजित होने वाली ‘डेरा डालो, घेरा डालो किसान सम्मान महापंचायत’ में हजारों की संख्या में किसान, मजदूर, युवा और मातृशक्ति के शामिल होने की संभावना है। महापंचायत सुबह 10:30 बजे शुरू होगी, जहां किसान अपनी वर्षों से लंबित मांगों को लेकर जोरदार हुंकार भरेंगे और आगे के आंदोलन की रणनीति तय करेंगे।

भाकियू के युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह महापंचायत किसानों, युवाओं और ग्रामीण समाज से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को लेकर आयोजित की जा रही है। महापंचायत में किसानों को समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने, बिजली के निजीकरण पर रोक लगाने, ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, गलत बिल देने वाले स्मार्ट मीटर हटाकर मैन्युअल मीटर लगाने, भारत-अमेरिका ट्रेड डील रद्द करने, युवाओं के रोजगार, शिक्षा और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर प्रमुखता से चर्चा होगी।
इसके साथ ही किसानों की सहमति के बिना भूमि अधिग्रहण पर रोक, प्रभावित किसानों को न्याय, बारा पावर प्लांट से प्रभावित किसानों से किए गए वादे पूरे कराने, आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा, प्राथमिक विद्यालयों के विलय पर रोक तथा जर्जर विद्यालय भवनों के निर्माण सहित किसानों और ग्रामीण जनता से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रस्ताव पारित किए जाएंगे तथा आगे के संघर्ष की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

भारतीय किसान यूनियन ने जिले के किसानों, मजदूरों, युवाओं एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में महापंचायत में पहुंचकर इसे सफल बनाने की अपील की है। साथ ही प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल एवं सोशल मीडिया से जुड़े सभी पत्रकारों से भी महापंचायत में उपस्थित होकर किसानों की आवाज़ को प्रमुखता से जनता तक पहुंचाने का आग्रह किया गया है।

