कोरोना से महाकुंभ तक निभाई जिम्मेदारी अब रिकॉर्ड गर्मी में भी चौबीसों घंटे सेवा को तैयार अवर अभियंता मुख्यमंत्री जी की मंशानुरूप

राज्य विद्युत जूनियर इंजीनियर्स संगठन, प्रयागराज में पड़ रही रिकॉर्ड गर्मी एवं बढ़ते विद्युत भार के बीच आमजन को बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने हेतु विद्युत विभाग के अवर अभियंता (JE) एवं फील्ड कर्मचारी दिन-रात पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं। माननीय मुख्यमंत्री जी के स्पष्ट निर्देशों के अनुरूप विद्युत व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विभागीय अवर अभियंता केवल निर्धारित समय तक सीमित न रहकर 15 से 20घंटे अथवा उससे अधिक समय तक फील्ड में रहकर सेवाएं दे रहे हैं।

रात्रिकालीन पीक लोड के दौरान लगातार लोड मॉनिटरिंग, ओवरलोडिंग, फ्यूज फॉल्ट, ब्रेकडाउन एवं तकनीकी खराबियों का निरीक्षण कर तत्काल विद्युत आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। रात में भी लगातार उपकेंद्रों एवं फीडरों की निगरानी की जा रही है ताकि जनता को न्यूनतम व्यवधान के साथ बिजली उपलब्ध हो सके।

राज्य विद्युत जूनियर इंजीनियर्स संगठन ने कहा कि यही अवर अभियंता कोरोना काल जैसी विषम परिस्थितियों में अग्रिम पंक्ति में कार्यरत रहे तथा महाकुंभ जैसे विशाल आयोजन में उत्कृष्ट विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज पुनः वही अवर अभियंता माननीय मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरूप बेहतर विद्युत व्यवस्था बनाए रखने हेतु पूरी प्रतिबद्धता के साथ मैदान में डटे हुए हैं।

हालांकि संगठन ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि फील्ड स्तर पर तकनीकी स्टाफ एवं स्किल्ड लाइनमैन की कमी अब एक बड़ी चुनौती बन चुकी है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सीमित स्टाफ के सहारे विद्युत व्यवस्था को बनाए रखना अत्यंत कठिन होता जा रहा है।

उदाहरण स्वरूप प्रयागराज शहर के ओल्ड खुसरूबाग उपकेंद्र पर कार्यरत अवर अभियंता को अतिरिक्त रूप से न्यू खुसरूबाग उपकेंद्र का दायित्व भी संभालना पड़ रहा है। ओल्ड खुसरूबाग क्षेत्र में लगभग 7800 उपभोक्ता एवं 9 फीडर हैं, जबकि न्यू खुसरूबाग क्षेत्र में लगभग 5800 उपभोक्ता एवं 9 फीडर संचालित हैं
सीमित संख्या में उपलब्ध स्किल्ड लाइनमैन के सहारे 24 घंटे विद्युत व्यवस्था बनाए रखना अत्यंत चुनौतीपूर्ण है। ऐसी स्थिति में यदि एक साथ एकाधिक फीडरों में ब्रेकडाउन अथवा तकनीकी खराबी उत्पन्न हो जाए तो सीमित मैनपावर के कारण कार्य प्राथमिकता के क्रम में करना पड़ता है, जिससे विद्युत आपूर्ति बहाली में विलंब की संभावना बढ़ जाती है।

ग्रामीण क्षेत्रों, विशेषकर गंगापार और यमुनापार के क्षेत्र में स्थिति और अधिक गंभीर है। संगठन के अनुसार TSL स्टोर बिजली घर से निकलने वाला रूरल फीडर “मुंगारी” अत्यधिक ओवरलोड की स्थिति में संचालित हो रहा है। संबंधित लाइन पर प्रयुक्त बीजल (Weasel) कंडक्टर की क्षमता से कहीं अधिक, लगभग 280 एम्पियर तक लोड प्रवाहित होने की बात सामने आई है, जिसके कारण बार-बार तार टूटने, ब्रेकडाउन एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत व्यवधान की स्थिति उत्पन्न हो रही है

संगठन ने यह भी कहा कि यमुनापार क्षेत्र में संगठन का कहना है कि फील्ड स्तर पर अवर अभियंताओं द्वारा लगातार ट्रांसफॉर्मर ऑयल, आवश्यक सामग्री एवं तकनीकी संसाधनों की मांग किए जाने के बावजूद पर्याप्त उपलब्धता न होने से कार्य प्रभावित हो रहा है, जिससे बार-बार ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त होने एवं विद्युत आपूर्ति बाधित होने की समस्या बढ़ रही है।

संगठन ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कई स्थानों पर फील्ड की वास्तविक समस्याओं के समाधान के बजाय कार्य निष्पादन संबंधी जवाबदेही को लेकर अवर अभियंताओं को नोटिस जारी कर ट्रांसफार्मर जलने का मिसलेनियस राशि खाते से काटे जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।

संगठन का मत है कि विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्राथमिकता फील्ड संसाधनों की उपलब्धता, तकनीकी ढांचे के सुदृढ़ीकरण एवं वास्तविक समस्याओं के समाधान पर दी जानी चाहिए।

राज्य विद्युत जूनियर इंजीनियर्स संगठन ने मांग की है कि गंगापार और यमुनापार क्षेत्र सहित ग्रामीण विद्युत नेटवर्क का तत्काल तकनीकी सर्वे कराया जाए, ओवरलोडेड फीडरों की क्षमता वृद्धि की जाए, ट्रांसफॉर्मर ऑयल एवं आवश्यक सामग्री की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, तथा पर्याप्त स्किल्ड लाइनमैन एवं तकनीकी स्टाफ की तैनाती की जाए ताकि दुर्घटनाओं एवं बार-बार होने वाले विद्युत व्यवधान को रोका जा सके।

संगठन ने पुनः स्पष्ट किया कि तमाम चुनौतियों, सीमित संसाधनों एवं स्टाफ की कमी के बावजूद विभाग के अवर अभियंता, जिन्हें विद्युत व्यवस्था की रीढ़ माना जाता है, माननीय मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरूप दिन-रात पूरी निष्ठा, समर्पण एवं रिकॉर्ड गर्मी में रिकॉर्ड मेहनत के साथ कार्य करते रहेंगे तथा बेहतर विद्युत व्यवस्था देने का हरसंभव प्रयास जारी रखेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!