प्रयागराज विकास प्राधिकरण बैंक से कर्ज लेगा। टाउनशिप के लिए कम से कम 300 करोड़ कर्ज लेने की योजना है। पीडीए प्रशासन कम से कम ब्याज कर्ज लेने के लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंट्रेस्ट के जरिए बैंकों से आवेदन मांगा है। कई बैंकों ने टाउनशिप निर्माण के लिए पीडीए को कर्ज देने में दिलचस्पी दिखाई है। पीडीए के अधिकारी बैंकों के अधिकारियों से भी बात कर रहे हैं। लगभग 200 हेक्टेयर जमीन पर प्रस्तावित टाउनशिप बनाने के लिए बीते अप्रैल में शासन से सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है। जून में जमीन अधिग्रहण के लिए प्रदेश सरकार से 100 करोड़ रुपये मिलने की संभावना है

वृहद टाउनशिप के लिए प्रदेश सरकार से एक हजार करोड़ मिलने का अनुमान है। पीडीए के उपाध्यक्ष ऋषिराज ने बताया कि 200 हेक्टेयर भूमि पर दो फेज में टाउनशिप विकसित की जाएगी। टाउनशिप के निर्माण पर लगभग 1800 करोड़ खर्च होने का अनुमान है। 900 करोड़ जमीन खरीद पर व्यय होगा और टाउनशिप निर्माण पर 900 करोड़ रुपये व्यय होगा। टाउनशिप का तीसरे चरण में विस्तार करने की योजना है। उपाध्यक्ष के अनुसार, ई ऑक्शन के जरिए प्लॉटों की बिक्री से मिलने वाला राजस्व टाउनशिप विकसित करने में उपयोग किया जाएगा। नगर निगम ने भी टाउनशिप में आईटी पार्क बनाने के लिए जमीन मांगी है

