प्रयागराज में फाफामऊ पुल के पास विश्व हिंदू परिषद के गोरक्षक सचल दस्ते और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गोवंश से लदी एक टाटा मैजिक वाहन पकड़ी गई। वाहन की तलाशी के दौरान उसमें दो गाय और एक बैल बरामद किए गए। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हो गए थे। बाद में पुलिस ने एक अन्य नामजद आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
सूचना के आधार पर की गई घेराबंदी में गोरक्षक दल और पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि गोवंश को नवाबगंज क्षेत्र के दिलावरपुर गांव ले जाया जा रहा था। पुलिस के अनुसार फरार होने वालों में डेयरी संचालक बुल्लू खान और उसका भाई शामिल थे।
थाना शिवकुटी पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर बरामद गोवंश को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया है। फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

