प्रयागराज थाना नैनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे लाइन की पटरी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चोरी की रेलवे पटरी से लदी एक डीसीएम, एक कार और घटना में प्रयुक्त दो ऑक्सीजन गैस सिलेंडर के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि कई वर्षों से बंद पड़ी टीएसएल कंपनी परिसर से गैस कटर की मदद से रेलवे लाइन की पटरी काटकर चोरी की जा रही है और उसे डीसीएम वाहन से ले जाया जा रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर टीएसएल कंपनी के बाहर चेकिंग के दौरान एक डीसीएम को रोककर तलाशी ली

तलाशी में वाहन से रेलवे लाइन की बड़ी मात्रा में कटी हुई पटरियां बरामद हुईं। मौके से राकेश पटेल, शर्मा राजपूत, किशन निषाद और सोनू को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से डीसीएम वाहन, हुंडई वरना कार तथा घटना में प्रयुक्त दो ऑक्सीजन गैस सिलेंडर भी बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके एक साथी लवकुश ने रेलवे पटरी कटवाने की व्यवस्था की थी और कटर सहित अन्य उपकरण पहले ही मौके से हटवा दिए गए थे। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना नैनी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच की जा रही है

