प्रयागराज में विश्व संगीत दिवस पर लोक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की धूम

प्रयागराज प्रयाग संगीत समिति के मेहता प्रेक्षा गृह में रविवार सायंकाल विश्व संगीत दिवस के अवसर पर शिव शक्ति फाउंडेशन के तत्वावधान में लोक-संस्कृति परक भव्य प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी प्रयागराज की धर्मपत्नी डॉ. अंकिता राज की गरिमामयी उपस्थिति रही।

डॉ. अंकिता राज ने छात्र-छात्राओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए प्रयागराज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने हेतु हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने संस्था के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।

इस अवसर पर डी पी ओ प्रयागराज सर्वजीत सिंह,सचिव प्रयाग संगीत समिति श्री अरुण जी एवं राजकीय बाल शिशु गृह की अधीक्षक डॉ. प्रज्ञा सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुआ। राजकीय बाल शिशु गृह के बच्चों ने श्री सूरज के निर्देशन में ईश्वर वंदना प्रस्तुत की। इसके पश्चात चैती और कजरी की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

व्यंजना आर्ट एंड कल्चरल सोसायटी द्वारा शांभवी शुक्ला के निर्देशन में कथक नृत्य “जय जय जननी” एवं मीरा के भजनों पर आधारित सुंदर प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।

वहीं ‘शुरुआत’ संस्था के अंतर्गत श्री अभिषेक शुक्ला के निर्देशन में कार्यशाला में प्रशिक्षित बच्चों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से सभी का मन जीत लिया।

लोक गायिका मोहिनी श्रीवास्तव ने “तोहरो बालम कप्तान हो” की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया, जबकि शुभ्रा मालवीय द्वारा “राम जी से पूछे जनकपुर की नारी” की भावपूर्ण प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।

सरस्वती संगीतालय के निदेशक श्री चंद्रकांत मालवीय के निर्देशन में छात्र-छात्राओं ने भी आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम का संचालन प्रियांशु श्रीवास्तव एवं श्वेता श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर संस्था के निदेशक श्लोक रंजन श्रीवास्तव, अलीशा फिलिप्स , सविनय श्रीवास्तव ,‘शुरुआत’ संस्था के निदेशक अभिषेक शुक्ला, मिथिलेश राही सहित शिव शक्ति फाउंडेशन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

अंत में संस्था की संरक्षिका डॉक्टर मधु रानी शुक्ला ने समस्त अतिथियों का आभार व्यक्त किया एवं संयोजक अमित श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, दर्शकों एवं प्रशिक्षकों का सम्मान एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए बताया कि शिव शक्ति फाउंडेशन का उद्देश्य प्रतिभाशाली बच्चों को मंच प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!