सिविल लाइंस के पत्थर गिरजाघर में जुटेंगे किसान खाद बिजली स्मार्ट मीटर भूमि अधिग्रहण समेत कई मुद्दों पर होगी चर्चा

21 जुलाई को ‘डेरा डालो, घेरा डालो’ किसान महापंचायत सिविल लाइंस के पत्थर गिरजाघर में जुटेंगे किसान, खाद, बिजली, स्मार्ट मीटर, भूमि अधिग्रहण समेत कई मुद्दों पर होगी चर्चा प्रयागराज। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की ओर से किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर 21 जुलाई को सिविल लाइंस स्थित पत्थर गिरजाघर में ‘डेरा डालो, घेरा डालो किसान सम्मान महापंचायत’ का आयोजन किया जाएगा। महापंचायत सुबह 10:30 बजे शुरू होगी, जिसमें बड़ी संख्या में किसान, मजदूर, युवा और मातृशक्ति के शामिल होने का दावा किया गया है।


भाकियू के युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि महापंचायत में भारत-अमेरिका ट्रेड डील रद्द करने, किसानों को समय पर पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराने, बिजली के निजीकरण पर रोक लगाने और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई जाएगी। इसके अलावा गलत बिल देने वाले स्मार्ट मीटर हटाकर मैन्युअल मीटर लगाने, प्राथमिक विद्यालयों के विलय पर रोक लगाने, जर्जर विद्यालय भवनों का निर्माण कराने तथा आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग भी प्रमुखता से रखी जाएगी।
महापंचायत में किसानों की सहमति के बिना भूमि अधिग्रहण नहीं किए जाने, प्रभावित किसानों को न्याय दिलाने, बारा पावर प्लांट से प्रभावित किसानों से किए गए वादे पूरे कराने सहित किसानों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
भारतीय किसान यूनियन ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकारों से महापंचायत में पहुंचकर किसानों की आवाज को प्रमुखता से जनता तक पहुंचाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!