प्रयागराज हिंदी दैनिक ‘वॉइस ऑफ प्रयागराज’ के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को हिंदुस्तानी अकादमी, प्रयाग संगीत समिति, सिविल लाइंस के सभागार में भव्य विशिष्ट जन सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पत्रकारिता, प्रशासन, न्याय, चिकित्सा, शिक्षा, समाजसेवा और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बीएचयू के पूर्व कुलपति प्रो. गिरीश चंद्र त्रिपाठी, विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा तथा उपविशिष्ट अतिथि इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश पांडेय ‘बाबूवा’ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संपादक संदीप कुमार तिवारी ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर अनवर खान को ‘वॉइस ऑफ प्रयागराज’ के उत्तर प्रदेश प्रतिनिधि के रूप में नियुक्ति पत्र भी सौंपा गया।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने अखबार के पांच वर्ष पूरे होने पर पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि पत्रकारिता के माध्यम से प्रशासन तक जनता की समस्याएं पहुंचती हैं। उन्होंने समाचार माध्यमों से निष्पक्षता के साथ जनसमस्याओं को सामने लाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि प्रो. गिरीश चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में पांच वर्ष का सफर पूरा करना सराहनीय उपलब्धि है। उन्होंने अखबार के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश पांडेय ‘बाबूवा’ ने भी पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।
समाजसेवा और जनसेवा के क्षेत्र में सम्मान
समारोह में वरिष्ठ पत्रकार वीरेंद्र पाठक को उत्कृष्ट पत्रकारिता एवं लेखन के लिए सम्मानित किया गया। समाजसेवी मंगल तिवारी एवं अमृता तिवारी को गरीब और जरूरतमंद बच्चों के लिए भोजन व सेवा कार्य के लिए सम्मान मिला।
गरीब बस्ती के बच्चों को पार्क में निःशुल्क शिक्षा देने वाले अभिषेक शुक्ला को शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। आशीष मिश्रा और संजू चावला को रक्तदान एवं जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
संगम क्षेत्र में निर्धन, गरीब और श्रद्धालुओं के लिए लंबे समय से निःशुल्क भोजन की व्यवस्था करने वाले अन्नू भैया (भैया जी की दाल-भात सेवा) को भी सम्मानित किया गया। वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक डॉ. एस.एम. अब्बास को चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए सम्मान मिला।
बेजुबान और घायल जानवरों की सेवा करने वाले सुधीर कुमार मिश्रा तथा गंगा स्वच्छता के लिए लगातार कार्य कर रहे गंगा सेवक अरुण शुक्ला को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए विशिष्ट जन सम्मान प्रदान किया गया।
गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी
समारोह में डॉ. सुशील कुमार सिंह, समाजसेवी प्रखर श्रीवास्तव, उमैर जलाल, वरिष्ठ पत्रकार जवाहर श्रीवास्तव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख संदीप यादव, उत्तर मध्य रेलवे के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय, जनसंपर्क अधिकारी अमित सिंह, हाईकोर्ट बार के मीडिया प्रभारी कुलदीप सिंह और इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता पंकज त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में समाजसेवी, अधिवक्ता, पत्रकार एवं चिकित्सक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन आभा माथुर ने किया। संपादक संदीप कुमार तिवारी ने अतिथियों का माला और शॉल पहनाकर स्वागत किया। समारोह के समापन पर उपस्थित लोगों ने ‘वॉइस ऑफ प्रयागराज’ के पांच वर्ष पूर्ण होने पर संपादक एवं पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

