26 अप्रैल 2026 विंध्याचल थाना क्षेत्र इन दिनों अवैध कारनामों का गढ़ बनता जा रहा है। आधी रात से ही नदनी गंगा नदी किनारे से ओवरलोड बालू लदी ट्रैक्टर ट्रॉलियां तेज रफ्तार से निकल रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिला प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।
स्थानीय लोगों के अनुसार आधी रात के बाद विंध्याचल क्षेत्र के नदनी गंगा नदी किनारे से ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रॉलियां बालू लेकर निकलती हैं। ये ट्रॉलियां तेज रफ्तार से गैपूरा होते हुए नटवा तिराहा से गंगा पार पहुंच रही हैं। आरोप है कि खनन विभाग और आरटीओ को खुली चुनौती देते हुए यह अवैध परिवहन हो रहा है।
ओवरलोड ट्रॉलियों से उड़ती बालू पीछे चल रहे दो पहिया, चार पहिया वाहनों और पैदल राहगीरों की आंखों में पड़ रही है। इससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉलियों से पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है।
लोगों का कहना है कि बिना किसी रोक-टोक के लीज क्षेत्र से अवैध तरीके से बालू लाकर ट्रॉलियां बेधड़क सड़कों पर दौड़ रही हैं। सवाल उठ रहा है कि आखिर किसके इशारे पर यह अवैध कारोबार चल रहा है। नंदनी चौकी क्षेत्र से हो रहे इस अवैध परिवहन पर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की चुप्पी पर लोग नाराज हैं।
स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि ओवरलोड बालू परिवहन और अवैध मानक विहीन खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए। तेज रफ्तार ट्रॉलियों से आम लोगों की जान को खतरा बना हुआ है।



