सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर रविवार को एक महिला यात्री ने प्लेटफॉर्म पर जुड़वा बच्चों को जन्म दिया

प्रयागराज के सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर रविवार को एक महिला यात्री ने प्लेटफॉर्म पर जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। ‘ऑपरेशन मातृशक्ति’ के तहत रेलवे स्टाफ और स्वास्थ्य कर्मियों की सजगता से यह सुरक्षित प्रसव संभव हो सका।

आरपीएफ प्रभारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 03294 डाउन पटना स्पेशल सुबह करीब 10:40 बजे प्लेटफॉर्म संख्या-6 पर पहुंची। इसी दौरान एक यात्री ने सूचना दी कि एक महिला को तेज प्रसव पीड़ा हो रही है। सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार यादव ने तत्काल प्रभारी निरीक्षक को सूचित किया। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक महिला स्टाफ के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस को भी सूचित किया गया। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्लेटफॉर्म पर ही प्रसव कराने का निर्णय लिया गया।

LCT सुमन यादव, LCT प्रियंका और स्टेशन पर तैनात महिला सफाई कर्मियों के सहयोग से भदोही निवासी ज्योति कुमारी का सुरक्षित प्रसव कराया गया। महिला ने एक लड़का और एक लड़की, यानी जुड़वा बच्चों को जन्म दिया।

कुछ ही देर में केंद्रीय रेलवे अस्पताल प्रयागराज से नर्स शबीना अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने जच्चा और दोनों नवजात शिशुओं को प्राथमिक उपचार प्रदान किया। तीनों की हालत पूरी तरह स्वस्थ पाई गई।

इसके बाद एंबुलेंस से महिला को आगे के उपचार के लिए डफरिन अस्पताल, प्रयागराज भेजा गया। महिला कांस्टेबल प्रियंका भी उनके साथ रहीं। महिला अपने पति के साथ नई दिल्ली से प्रयागराज तक सामान्य टिकट पर यात्रा कर रही थी।

रेलवे स्टाफ की त्वरित कार्रवाई के कारण एक संभावित गंभीर स्थिति को सुरक्षित और सफल तरीके से संभाला जा सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!